स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में निर्माण कार्यों की समीक्षा की

देहरादून। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून के सभाकक्ष में चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में मेडिकल कॉलेज परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान दून मेडिकल कॉलेज में 80 फैकल्टी आवासों के निर्माण, 500 बेड के निर्माणाधीन अस्पताल भवन को शीघ्र पूरा करने, चार लिफ्टों की स्थापना, सी.एस.एस.डी. (सेंट्रल स्टेराइल सर्विसेज डिपार्टमेंट) भवन निर्माण तथा 250 मेडिकल छात्रों के लिए छात्रावास निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि दून मेडिकल कॉलेज राज्य का प्रमुख चिकित्सा शिक्षण संस्थान है और यहां आधारभूत संरचना का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से न केवल कॉलेज की चिकित्सा सुविधाओं में विस्तार होगा, बल्कि मरीजों को बेहतर इलाज और मेडिकल छात्रों को आधुनिक शैक्षणिक वातावरण भी उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य मंत्री ने भरोसा जताया कि सभी परियोजनाएं तय समय पर पूरी होंगी, जिससे दून मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *