States’ Startup Ecosystem Ranking 2025: उत्तराखण्ड को मिला ‘लीडर’ राज्य का दर्जा, राष्ट्रीय स्तर पर मॉडल के रूप में सराहा गया

देहरादून। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) द्वारा जारी States’ Startup Ecosystem Ranking 2025 के 5वें संस्करण में उत्तराखण्ड को मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने के लिए ‘लीडर’ के रूप में मान्यता दी गई है। इस उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार के उद्योग विभाग को Certificate of Appreciation प्रदान किया गया।

यह सम्मान दर्शाता है कि उत्तराखण्ड में लागू की गई स्टार्टअप नीति नवाचार, उद्यमिता विकास, निवेश प्रोत्साहन और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में सफल रही है। राज्य में विकसित यह मॉडल अब राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है।

स्टार्टअप नीति की सफलता

उत्तराखण्ड सरकार द्वारा बनाई गई अनुकूल नीतियों, सरल प्रक्रियाओं और मजबूत इकोसिस्टम ने स्टार्टअप्स को तेजी से आगे बढ़ने का अवसर दिया है। राज्य में स्टार्टअप्स को वित्तीय सहायता, मेंटरशिप, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे युवा उद्यमियों को नया मंच मिला है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे उत्तराखण्ड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए लगातार नीतिगत सुधार कर रही है और युवाओं की नवाचार क्षमता को हर स्तर पर सहयोग प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस सफलता को प्रदेशवासियों, उद्यमियों और स्टार्टअप्स को समर्पित करते हुए इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।

राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखण्ड की पहचान

इस रैंकिंग के साथ उत्तराखण्ड न केवल एक उभरते हुए स्टार्टअप हब के रूप में सामने आया है, बल्कि अन्य राज्यों के लिए भी एक रोल मॉडल बनकर उभरा है। राज्य सरकार की पहल से निवेश आकर्षित हो रहा है और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *