देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दून मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्र के साथ हुई रैगिंग की घटना को उन्होंने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कॉलेज प्राचार्य को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि जैसे ही रैगिंग प्रकरण की जानकारी मिली, कॉलेज प्रशासन को तुरंत जांच के आदेश दिए गए। प्राचार्य को निर्देशित किया गया है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों, परिस्थितियों और आरोपों की गहनता से जांच की जाए। आवश्यकता पड़ने पर अन्य छात्रों और संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जांच रिपोर्ट आने तक आरोपी छात्रों को डिबार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रैगिंग जैसी घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में इस प्रकार की घटनाएं संस्थागत अनुशासन और व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कॉलेज प्रशासन को सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एंटी रैगिंग नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं, दून मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि मंत्री के निर्देशों के अनुसार मामले की जांच जारी है। कॉलेज में गठित एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीड़ित छात्र की शिकायत के आधार पर आरोपी छात्रों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और जांच रिपोर्ट जल्द ही उच्च अधिकारियों को सौंप दी जाएगी।

