श्रीनगर की ऐतिहासिक पीपलचौरी को मिलेगा नया स्वरूप, बनेगा वाल्मीकि चौक

श्रीनगर। पौड़ी जिले के श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक पीपलचौरी अब एक नए और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगी। वर्षों तक सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रही पीपलचौरी समय के साथ अपनी पहचान खोती जा रही थी। अब नगर निगम श्रीनगर ने इस ऐतिहासिक धरोहर की गरिमा लौटाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं।

नगर निगम की मेयर आरती भंडारी ने बताया कि पीपलचौरी श्रीनगर की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है और इसे पुनर्जीवित करना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के दौरान लिया गया पहला संकल्प अब धरातल पर उतर रहा है और पीपलचौरी में वाल्मीकि चौक के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मेयर ने बताया कि पीपलचौरी के सामने वर्षों से स्थित सार्वजनिक शौचालय लोगों, विशेषकर महिलाओं के लिए असुविधा का कारण बन रहा था। यह शौचालय तिराहे के बीचों-बीच बना होने के कारण लोगों को असहजता का सामना करना पड़ता था। स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए इसे हटाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी और पास के शौचालय को आधुनिक एवं हाईटेक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

आरती भंडारी ने कहा कि शीघ्र ही वाल्मीकि चौक के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और कार्य तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पहल से न केवल पीपलचौरी की ऐतिहासिक गरिमा लौटेगी, बल्कि श्रीनगर को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक सार्वजनिक स्थल भी मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *