जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 10 जवानों की शहादत हो गई, जबकि 11 अन्य जवान घायल हो गए। यह हादसा भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास उस समय हुआ, जब सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेना के बुलेटप्रूफ वाहन में कुल 21 जवान सवार थे, जो ऊंचाई पर स्थित एक अग्रिम चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क से फिसलकर खाई में गिर गया।
भद्रवाह की ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. वर्षा शर्मा ने बताया कि हादसे में 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। एक जवान को मामूली चोटें आई हैं, जिसका इलाज भद्रवाह अस्पताल में चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और सेना के अधिकारी भद्रवाह अस्पताल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। जीएमसी डोडा से डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की एक टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर तैनात की गई। गंभीर रूप से घायल जवानों को विशेष उपचार के लिए हवाई मार्ग से उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल भेजा गया है।
इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि डोडा में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में 10 बहादुर भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से उन्हें अत्यंत पीड़ा हुई है। उन्होंने शहीद जवानों की सेवा और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दुखद घटना से पूरे देश में शोक की लहर है और हर कोई शहीद जवानों के परिवारों के साथ खड़ा है।

