देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित जिला न्यायालय को लगातार तीसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला जज को ईमेल के माध्यम से यह धमकी भेजी गई, जिसके बाद एहतियातन कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए। कोर्ट परिसर से न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और वकीलों को बाहर निकाला गया। मौके पर बम स्क्वॉयड और डॉग स्क्वॉयड की टीमें पहुंचीं और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुबह जिला जज कार्यालय से धमकी मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया और सुरक्षा के मद्देनजर सभी को परिसर से बाहर किया गया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद लोगों को दोबारा परिसर में प्रवेश की अनुमति दे दी गई।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने कहा कि ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कोर्ट कैंपस को खाली कराया गया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। लगातार मिल रही धमकियों के मद्देनजर सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।
गौरतलब है कि 16 फरवरी से प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। सबसे पहले नैनीताल और उत्तरकाशी के कोर्ट को धमकी दी गई थी। इसके बाद पिथौरागढ़, टिहरी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार के न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिलीं।

