राजकीय मेडिकल कॉलेजों को मिले 64 फार्मासिस्ट, परीक्षा परिणाम घोषित

देहरादून। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड द्वारा चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों में फार्मासिस्ट (भेषज) के रिक्त पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है। कुल 73 पदों के सापेक्ष 64 योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जबकि 8 पदों का परिणाम हाईकोर्ट के आदेश के चलते रोका गया है।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि चयनित फार्मासिस्टों को प्रदेश के विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों एवं सम्बद्ध चिकित्सालयों में शीघ्र तैनाती दी जाए।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा मेडिकल कॉलेजों एवं चिकित्सालयों में फार्मासिस्ट के रिक्त पदों को भरने का निर्णय लिया गया था। इसके क्रम में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को फार्मासिस्ट के 73 पदों का अधियाचन भेजा। चयन बोर्ड द्वारा 19 अक्टूबर 2024 को सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति हेतु विज्ञापन जारी किया गया था। प्राप्त आवेदनों का चरणबद्ध अभिलेख सत्यापन करने के उपरांत वर्षवार मेरिट के आधार पर 64 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि अनुसूचित जाति श्रेणी के अंतर्गत उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी अथवा उनके आश्रितों के लिए विज्ञापित एक पद पर पात्र अभ्यर्थी न मिलने के कारण उसे अग्रेनीत किया गया है।  मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि चयनित फार्मासिस्ट को प्रदेशभर के राजकीय मेडिकल कालेजों में शीघ्र तैनाती दी जाएगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि फार्मासिस्ट की तैनाती से मेडिकल कालेजों में दवा प्रबंधन एवं वितरण में पारदर्शिता आएगी। साथ ही मरीजों को चिकित्सालय में दवाएं सुलभता से मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *