ड्यूटी के दौरान रुद्रप्रयाग के जवान रविंद्र सिंह का निधन, गांव में शोक

रुद्रप्रयाग जिले के दशज्यूला पट्टी के आगर गांव निवासी भारतीय सेना के जवान हवलदार रविंद्र सिंह का ड्यूटी के दौरान असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव से लेकर जिले तक मातम का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात 36 वर्षीय हवलदार रविंद्र सिंह, पुत्र स्वर्गीय सतेंद्र सिंह राणा, वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश के अलोंग में तैनात थे। 18 जनवरी 2026 को ड्यूटी के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया, जिससे उनका निधन हो गया। हवलदार रविंद्र सिंह अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।

सेना से मिली सूचना के अनुसार, जवान का पार्थिव शरीर सोमवार रात तक रुद्रप्रयाग स्थित आर्मी कैंप पहुंचेगा। मंगलवार सुबह लगभग सात बजे पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव आगर (दशज्यूला पट्टी) लाया जाएगा। इसके पश्चात अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों के संगम स्थल रुद्रप्रयाग में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जवान के निधन की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान आगर चंद्रकला देवी ने बताया कि इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता पंकज सिंह ने बताया कि रविंद्र सिंह वर्ष 2008 में 15 गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे। अपने मधुर व्यवहार, सरल स्वभाव और अनुशासित जीवन के कारण वे गांव के सभी लोगों के प्रिय थे।

जिला पंचायत सदस्य सारी जयवर्धन कांडपाल ने हवलदार रविंद्र सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे देश सेवा में समर्पित एक कर्मठ सैनिक थे। उनके निधन से न केवल गांव बल्कि पूरे जिले को अपूरणीय क्षति हुई है। जिलेवासियों को अपने इस वीर सपूत पर गर्व है, जिनका नाम सदैव सम्मान के साथ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *