प्रदेशभर में आज मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मैदानी जिलों देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार सहित नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह और देर रात के समय दृश्यता कम रहने से लोगों को खासा सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इस सीजन अब तक बारिश और बर्फबारी न होने के कारण प्रदेश में सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है। मैदानी क्षेत्रों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक ठंड का असर लगातार बना हुआ है। खासतौर पर मैदानी जिलों में रात के समय तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है, जिससे सर्दी और अधिक चुभने लगी है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी दो दिनों के बाद प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में मौसम करवट ले सकता है। 16 से 19 जनवरी के बीच उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। मौसम में इस बदलाव के चलते प्रदेशभर में दिन के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मौसम शुष्क रहने से ठंड का असर और बढ़ सकता है। आने वाले दिनों में विशेषकर मैदानी इलाकों में रात के न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

वहीं, घने कोहरे के चलते वाहन चालकों को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। सुबह के समय यात्रा करने वालों को फॉग लाइट का प्रयोग करने और धीमी गति से वाहन चलाने की हिदायत दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम से जुड़ी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

