हरिद्वार में सीएम धामी ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों का किया भव्य स्वागत

हरिद्वार। सावन के महीने में धर्मनगरी हरिद्वार पूरी तरह से शिवभक्ति के रंग में रंगी नजर आ रही है। हरिद्वार में कांवड़ यात्रा जोर शोर से चल रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेले में शामिल शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की, कांवड़ियों के चरण धोकर उनका सम्मान किया और सेवा कार्यों में जुटे पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत किया। पुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री कांवड़ियों के बीच पहुंचे और उनके चरण धोकर सम्मान किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा की सकुशल और सफल संपन्नता की कामना की। इसके बाद होटल अलकनंदा में आयोजित कार्यक्रम में कांवड़ियों के लिए लगाए गए भंडारे का शुभारंभ किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांवड़ियों में भगवान शिव का स्वरूप बसता है और उनकी सेवा करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कांवड़ मेले में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों में अब तक 48 हजार से अधिक कांवड़ियों का उपचार किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का भी पर्व है और इस वर्ष एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों को लौट चुके हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या राम मंदिर, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर भी आस्था और पर्यटन को नई दिशा देंगे। इस दौरान हरिद्वार मेयर किरण जैसल, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *