उत्तराखंड के लिए खेल जगत से गर्व की खबर आई है। देहरादून की युवा जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 63 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीत लिया है। इस उपलब्धि के साथ उन्नति ने भारत के साथ-साथ उत्तराखंड का नाम भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है।
स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्नति शर्मा ने दमदार खेल दिखाया। सेमीफाइनल में उन्हें ऑस्ट्रेलिया की साया मिडलटन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार से उबरते हुए कांस्य पदक मुकाबले में शानदार वापसी की। उन्नति ने दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर को महज 1 मिनट 7 सेकेंड में इप्पोन के जरिए हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया।
देहरादून की डिफेंस कॉलोनी निवासी उन्नति शर्मा ने जूडो की शुरुआत परेड ग्राउंड स्थित जूडो हॉल से की, जहां उन्होंने राष्ट्रीय जूडो कोच सतीश शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। लगातार मेहनत और अनुशासित अभ्यास के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
उन्नति इससे पहले मणिपुर में आयोजित सब-जूनियर राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और ‘सर्वश्रेष्ठ जुडोका’ का खिताब जीत चुकी हैं। इसी साल आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया था। अब कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य जीतकर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्नति शर्मा की इस सफलता से पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि न केवल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

