देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में तेज गर्जन, बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर की संभावना व्यक्त की गई है।
वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में भी गर्जन और बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 7 अगस्त तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
शनिवार को भी पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, देहरादून में शनिवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 15.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं, दून का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः दो और एक डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और विशेष रूप से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा नदी-नालों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

