उत्तराखंड: हरिद्वार में फ्लाईओवर के नीचे लोहे का गाटर गिरने से दो कांवड़ यात्रियों की मौत

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे लोहे के भारी गाटर के अचानक खिसक जाने से दोनों कांवड़िए उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़ेढ़ी राजपूतान स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कुछ कांवड़िए विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान एक कांवड़िया वहां रखे लोहे के गाटर पर चढ़ गया। इससे भारी गाटर असंतुलित होकर नीचे बैठे कांवड़ियों पर गिर पड़ा, जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय तनुज, निवासी जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) और 22 वर्षीय कृष्णा, निवासी जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी दोनों मृतकों के परिजनों को दे दी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *